नैनीताल में B.Sc छात्रा ने लगाई फांसी, टीचर की डांट से थी परेशान; 10वीं-12वीं की टॉपर थी सिमरन

नैनीताल के मल्लीताल स्थित स्टाफ हाउस क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। DSB कैंपस की B.Sc थर्ड ईयर की छात्रा सिमरन आर्या (20) ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सिमरन पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। मृतका के भाई सागर और साहिल ने आरोप लगाया कि DSB कैंपस का एक टीचर सिमरन को लगातार परेशान कर रहा था। उनका कहना है कि हाल ही में शिक्षक ने सभी छात्रों के सामने सिमरन को डांटा था, जिसके बाद से वह काफी तनाव में रहने लगी थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह जब सिमरन ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो पड़ोसियों को शक हुआ। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर सिमरन दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी मिली। यह देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। कमरे से कुछ अहम नमूने एकत्र किए गए हैं और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि 112 के माध्यम से आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार दिया था। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
परिजनों और पड़ोसियों ने बताया कि सिमरन पढ़ाई में बेहद होनहार थी। वह घर के कामों के साथ अपनी पढ़ाई भी संभालती थी और आगे चलकर टीचर बनना चाहती थी। बताया गया कि सिमरन ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, नैनीताल से की थी और 12वीं में स्कूल में सबसे अधिक अंक हासिल किए थे।
सिमरन के भाइयों ने बताया कि कुछ समय पहले उनके पिता का निधन हो चुका था। परिवार में तीन भाई-बहन थे, जिनमें सिमरन सबसे छोटी थी। परिवार मल्लीताल क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी शिक्षक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।








