उत्तराखंड: अग्निवीरों के लिए धामी सरकार का बड़ा फैसला, पहले बैच के 2 जवानों को PAC में मिलेगी नौकरी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना से नवंबर 2026 में सेवानिवृत्त होने जा रहे अग्निवीरों के पहले बैच के दो जवानों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह समायोजन वाहिनी में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष किया जाएगा।
राज्य सरकार के इस फैसले से सेना में सेवा देने के बाद अग्निवीरों को प्रदेश में भी सेवा करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, सैन्य सेवा के दौरान अर्जित उनके अनुभव, अनुशासन और कौशल का लाभ राज्य को मिल सकेगा।
नवंबर में सेवानिवृत्त होगा अग्निवीरों का पहला बैच
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव की ओर से उत्तराखंड सरकार को पत्र भेजकर अवगत कराया गया था कि अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए अग्निवीरों का पहला बैच नवंबर 2026 में सशस्त्र बलों से सेवामुक्त होने जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड के दो अग्निवीरों के समायोजन की अपेक्षा की गई थी।
प्रस्ताव पर विचार करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 40वीं वाहिनी पीएसी में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष दोनों अग्निवीरों के समायोजन को मंजूरी प्रदान कर दी।
अग्निवीरों के अनुभव का मिलेगा लाभ: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू की गई अग्निपथ योजना युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत कर रही है। अग्निवीर सेना में सेवा के दौरान जो कौशल, अनुभव और अनुशासन हासिल करते हैं, वह राष्ट्र की अमूल्य पूंजी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों के योगदान और उनकी क्षमताओं का सम्मान करती है। सरकार का प्रयास है कि देश की सेवा कर चुके युवाओं को आगे भी प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिले, ताकि उनके सैन्य अनुभव और दक्षता का लाभ उत्तराखंड को मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अन्य अग्निवीरों के लिए भी अहम संकेत
40वीं वाहिनी पीएसी में दो अग्निवीरों के समायोजन को मिली मंजूरी को सेना से सेवामुक्त होने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। हालांकि, इस फैसले के तहत फिलहाल दो अग्निवीरों के समायोजन को ही मंजूरी दी गई है। समायोजन उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष किया जाएगा।










