SSP नैनीताल की तत्परता से बड़ी सफलता: देर रात मिली सूचना पर पुलिस अलर्ट, चोरी का फरार अभियुक्त गिरफ्तार

नैनीताल न्यूज़– जनपद नैनीताल में पुलिस और आमजन के बेहतरीन तालमेल का एक और शानदार उदाहरण सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी की तत्परता और प्रोफेशनल पुलिसिंग के चलते चोरी के एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, देर रात्रि SSP नैनीताल के मोबाइल पर एक महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति के चोरी में संलिप्त होने की आशंका जताई गई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए SSP द्वारा तत्काल पूरे पुलिस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया। जनपद के सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया और त्वरित घेराबंदी की कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में थाना चोरगलिया पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि पकड़ा गया व्यक्ति थाना भवाली क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले का फरार अभियुक्त है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 10 जून 2023 को अभियुक्त कैलाश चन्द्र तिवारी पुत्र गणेश चन्द्र तिवारी, निवासी ग्राम सीलगवाड़ी, पोस्ट लखनी, थाना कौसानी, जिला बागेश्वर, भवाली के रामगढ़ तिराहा स्थित एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसने होटल से लगभग ₹1,20,000 नकद, होटल के खातों के चेक अपने खाते में आहरित किए और होटल कर्मचारी हिमांशु जोशी की स्कूटी (UK04 AE 6106) लेकर फरार हो गया था।
इस संबंध में होटल स्वामी नीरज कुमार (निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश) की तहरीर पर थाना भवाली में धारा 406 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था।
लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद 13 दिसंबर 2025 को अभियुक्त को स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग स्थानों पर होटलों में काम करता है, ठगी की घटनाओं को अंजाम देता है और फिर फरार हो जाता है। वर्तमान में वह चोरगलिया क्षेत्र के एक होटल में कार्यरत था।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि अभियुक्त द्वारा रानीखेत और द्वाराहाट क्षेत्रों में भी ठगी की घटनाएं की गई हैं। मामले में धारा 411 आईपीसी की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
कैलाश चन्द्र तिवारी पुत्र गणेश चन्द्र तिवारी
निवासी ग्राम सीलगवाड़ी, पोस्ट लखनी, थाना कौसानी, जिला बागेश्वर
गिरफ्तारी टीम:
1- प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा, कोतवाली भवाली
2- वरिष्ठ उप निरीक्षक आसिफ खान, कोतवाली भवाली
3- उप निरीक्षक लेखराज कम्बोज, कोतवाली भवाली
4- कांस्टेबल महेश गिरी, कोतवाली भवाली
5- कांस्टेबल मलखान सिंह, थाना चोरगलिया
SSP नैनीताल का सख्त संदेश:
SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध कर छिपने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। नैनीताल पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार और प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी।
मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस








