नववर्ष पर सीएम धामी की बड़ी सौगात: उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुईं 100 नई बसें, आधुनिक सुविधाओं से होंगी लैस

देहरादून न्यूज़- नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 100 नई बसों को शामिल किया। मुख्यमंत्री ने अपने कैंप कार्यालय से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने 10 एसी एवं 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” एवं सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं राज्य की आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में मजबूत परिवहन व्यवस्था नागरिक सुविधा के साथ-साथ आर्थिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार परिवहन निगम को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों एवं कार्यशालाओं का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है, जिनमें 4 आईएसबीटी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी मजबूत होगी। सरकार द्वारा निगम कर्मियों के हित में डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन तथा नई भर्तियों के माध्यम से मैनपावर की कमी को दूर करने के प्रयास किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परिवहन निगम को केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि “सेवा का माध्यम” मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी नीतियों और जवाबदेही के बल पर उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








