CM धामी का सख्त संदेश: हेल्पलाइन-1905 की शिकायतें एक हफ्ते में निपटाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

देहरादून न्यूज़- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज जन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पेयजल विभाग और जल जीवन मिशन से जुड़ी बड़ी संख्या में लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का एक सप्ताह के भीतर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। तय समय सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन अधिकारियों की शिकायतों पर कार्यवाही शून्य प्रतिशत है, उन्हें विभागाध्यक्ष तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करें। यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उनके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समय पर निस्तारण संभव नहीं हो पा रहा है, उनकी विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी नियमित समीक्षा करें। साथ ही स्पेशल क्लोज, डिमांड और सुझाव जैसी श्रेणियों में दर्ज शिकायतों की भी गंभीरता से जांच की जाए ताकि किसी वास्तविक शिकायत की अनदेखी न हो।
जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक सोमवार को जिला स्तर पर जिलाधिकारी, मंडल स्तर पर मंडलायुक्त और शासन स्तर पर सचिवों द्वारा ‘समाधान दिवस’ आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस को जनसेवा का प्रभावी मंच बनाया जाए, जिससे लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके।
बैठक में प्रशासनिक और तकनीकी सुधारों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को पहले ही महीने से पेंशन मिलनी शुरू हो जाए। इसके अलावा चारधाम यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने भूमि विवादों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे मामलों की लगातार निगरानी की जाए और लंबित प्रकरणों का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 18 अप्रैल से 28 जुलाई 2026 के बीच मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर कुल 67,843 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें 20,461 शिकायतों का पूर्ण निस्तारण, 31,363 का आंशिक समाधान, 7,404 शिकायतें प्रक्रियाधीन, 4,061 शिकायतें लंबित तथा 3,738 शिकायतें स्पेशल क्लोज श्रेणी में हैं। अधिकारियों के अनुसार स्पेशल क्लोज मामलों की संख्या में पहले की तुलना में कमी आई है।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर उनकी समस्याओं के समाधान की जानकारी ली। कई लोगों ने शिकायतों के निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया, जबकि जिन मामलों में शिकायतें लंबित मिलीं, उनमें मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







