हल्द्वानी- NEET री-एग्जाम के दौरान SSP मंजूनाथ टी.सी. का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी; नकल और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर

हल्द्वानी/नैनीताल- जनपद नैनीताल में शनिवार को आयोजित NEET (UG) पुनर्परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मैदान में उतरे और विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसएसपी ने हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी कॉलेज, खालसा नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज और राजपुरा राजकीय इंटर कॉलेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटीरत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CAPF) के जवान तैनात किए गए हैं। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से सघन जांच की जा रही है। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, एलआईयू, साइबर सेल और एसओजी की टीमें लगातार सक्रिय रहकर परीक्षा से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
इसके अलावा सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी बढ़ा दी है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस सुरक्षित और शांतिपूर्ण परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम है।








