कालाढूंगी में CM धामी के दौरे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार; सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

कालाढूंगी न्यूज- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कालाढूंगी दौरे के दौरान क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश की। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखने जा रहे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोककर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे। इनमें चकलुवा स्थित एथेनॉल फैक्ट्री को बंद करने, प्राधिकरण से क्षेत्रवासियों को राहत देने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, उनकी सुरक्षा, प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे भी बेहद गंभीर हैं। इसके अलावा प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और स्थानीय लोगों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने उठाई जानी थी।
नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोककर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की सूचना भी मिली है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं को सरकार के सामने रखना और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। कांग्रेस केवल आश्वासन नहीं चाहती, बल्कि उठाई गई सभी मांगों पर ठोस निर्णय और लिखित आदेश चाहती है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज दबने वाली नहीं है। क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।










