हल्द्वानी के PSP अस्पताल में युवती की मौत पर बवाल, दो डॉक्टरों की प्रैक्टिस पर 7 दिन की रोक

हल्द्वानी न्यूज- हल्द्वानी के PSP अस्पताल में इलाज के दौरान 23 वर्षीय युवती अर्शदीप की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। युवती की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि डॉक्टर लगातार इंजेक्शन लगाते रहे, लेकिन युवती की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। घटना के बाद अस्पताल में देर रात तक हंगामा चलता रहा।
मामले की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी। काफी देर तक चले विवाद के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने परिजनों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
परिजनों ने डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, मामले में शुरुआती कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों की प्रैक्टिस पर सात दिनों के लिए रोक लगा दी गई है। अब जांच के दौरान युवती के इलाज से जुड़े सभी तथ्यों और डॉक्टरों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अर्शदीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या उपचार के दौरान किसी तरह की चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई थी।










