हल्द्वानी- 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे फॉर्म; पूछे जाएंगे 40 सवाल

हल्द्वानी न्यूज- जनगणना की तैयारियों के तहत जिले में 16 नवंबर से स्वगणना अभियान शुरू होने जा रहा है। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्वगणना कर सकेंगे। इसके लिए https://se.census.gov.in पोर्टल तैयार किया गया है। स्वगणना के दौरान लोगों को कुल 40 सवालों के जवाब देने होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सकें।
सीडीओ ने नागरिकों से अपील की कि स्वगणना शुरू करने से पहले पोर्टल के शुरुआती पेज पर उपलब्ध प्रश्नावली को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। फॉर्म भरने से पहले सभी जरूरी जानकारियां और दस्तावेज तैयार रखें, ताकि प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की दिक्कत न आए। उन्होंने विशेष रूप से भाषा चयन को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। बताया कि एक बार भाषा चुनने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा।
11 अंकों की मिलेगी स्वगणना आईडी
स्वगणना फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद नागरिकों को एक विशेष स्वगणना आईडी (SE ID) जारी की जाएगी। यह आईडी 11 अंकों की होगी और इसकी शुरुआत अंग्रेजी के अक्षर ‘P’ से होगी। प्रशासन ने लोगों से इस आईडी को सुरक्षित रखने की अपील की है।
15 हजार लोगों की स्वगणना कराने का लक्ष्य
प्रशासन ने जिले में कम से कम 15 हजार लोगों की स्वगणना कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सीडीओ ने ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, होमगार्ड और पुलिस समेत सभी संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्कूलों और विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रत्येक प्रशिक्षित कर्मचारी को कम से कम 10 अन्य लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों और विभिन्न कार्यक्रमों में आने वाले लोगों को भी ऑनलाइन स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सीडीओ ने अधिकारियों को जागरूकता कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश आर्य और अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कमल कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










