हल्द्वानी में शादियों को लेकर पुलिस सख्त, रात 10 बजे बाद डीजे बंद; बारात निकालने के भी नियम तय

हल्द्वानी न्यूज– शादी का सीजन शुरू होते ही नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। अब शहर में शादी समारोहों के दौरान डीजे, बैंड-बाजे और बारात निकालने के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। रात 10 बजे के बाद डीजे और बैंड-बाजा बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं, बारात बैंक्वेट हॉल से कम से कम 100 मीटर की दूरी से शुरू करनी होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर शनिवार (14 नवंबर) को एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने मिनी पुलिस लाइन में बैंक्वेट हॉल, डीजे और बैंड-बाजा संचालकों के साथ बैठक की। इसमें हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र के संचालक शामिल हुए। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शादी समारोहों के नाम पर सड़कों पर जाम और यातायात व्यवस्था में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने निर्देश दिए कि रात 10 बजे के बाद किसी भी शादी समारोह में डीजे और बैंड-बाजा नहीं बजाया जाएगा। बारात बैंक्वेट हॉल से 100 मीटर की दूरी से शुरू होगी, ताकि मुख्य सड़क पर भीड़ और जाम की स्थिति न बने। बैंक्वेट हॉल संचालकों को परिसर के अंदर और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए वालंटियर तैनात करने को कहा गया है।
बारात की बुकिंग से पहले लेनी होगी अनुमति
पुलिस ने निर्देश दिए कि बारात की बुकिंग के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जरूरी अनुमति लेनी होगी। बैंक्वेट हॉल संचालकों को भी कार्यक्रम की जानकारी पहले से संबंधित थाना प्रभारी को देनी होगी। वर और वधू पक्ष को बारात के निर्धारित समय पर बैंक्वेट हॉल पहुंचने के लिए पहले ही सूचित करना होगा।
सड़क पर खड़े नहीं होंगे बारात के वाहन
बारात में शामिल होने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करनी होगी। किसी भी वाहन को मुख्य सड़क पर खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा बारात में शामिल कोई भी व्यक्ति असलहा लेकर बैंक्वेट हॉल में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
आतिशबाजी और बैंड-बाजे को लेकर भी निर्देश
बैंड-बाजा संचालकों को छोटी ट्रॉली के साथ सड़क किनारे चलने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात प्रभावित न हो। वहीं, सड़क के बीचों-बीच या भीड़ के नजदीक खतरनाक आतिशबाजी करने पर भी रोक लगाई गई है।
पुलिस ने शादी समारोहों में काम करने वाले कैटरर्स, बैंड और डीजे संचालकों का सत्यापन कराना भी अनिवार्य किया है। एसपी हल्द्वानी ने संबंधित थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को बारातों की सूचना मिलने पर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में हल्द्वानी, मुखानी, काठगोदाम और बनभूलपुरा के थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक, संबंधित चौकी प्रभारी और बैंक्वेट हॉल, डीजे व बैंड-बाजा संचालक मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य शादी समारोहों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आम लोगों को जाम से राहत दिलाना है।










