उत्तराखण्डकुमाऊं,

डीएलएड प्रवेश परीक्षा के आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 10 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म; 18 नवंबर को परीक्षा प्रस्तावित

रामनगर न्यूज़- प्राथमिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर ने द्विवर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन (डीएलएड) प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर कर दी गई है।

 

 

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से राज्य के 29 शहरों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर डीएलएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को राज्य के विभिन्न जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में दो वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के आधार पर अभ्यर्थियों को प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- यहाँ एक्सिस बैंक की 26वीं ब्रांच का रिबन काटकर शुभारंभ करते मंत्री गणेश जोशी

 

 

आवेदन और शुल्क जमा करने की तारीख बढ़ी

परिषद की ओर से डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए 15 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर निर्धारित थी। वहीं, ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन या परिवर्तन के लिए 9 से 11 अक्टूबर तक का समय दिया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में SIR के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, अब 6,97,547 मतदाता दर्ज

 

 

अब परिषद ने इन सभी तिथियों में बदलाव किया है। परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौढिंयाल के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर, शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर तथा आवेदन पत्र में संशोधन या परिवर्तन करने की अवधि 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक कर दी गई है।

 

 

वर्गवार निर्धारित है आवेदन शुल्क

डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 600 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये तथा सभी वर्गों के दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक की मांग, नगर पंचायत अध्यक्ष ने उठाई आवाज

 

 

परिषद के अनुसार डीएलएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन 18 नवंबर को प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले निर्धारित दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपना आवेदन पूरा कर लें।