लालकुआं विधानसभा में दीपेंद्र कोश्यारी की दमदार एंट्री, मजबूत दावेदारी से सियासी हलचल तेज

लालकुआं न्यूज़– भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने मोटाहल्दू स्थित अपने नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश के साथ ही लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से 2027 का चुनाव लड़ने का ऐलान कर सियासी सरगर्मियां तेज कर दी हैं। उनके इस कदम के बाद क्षेत्रीय राजनीति में हलचल बढ़ गई है और भाजपा के अन्य संभावित दावेदारों में भी खलबली मच गई है।
युवाओं में मजबूत पकड़ रखने वाले दीपेंद्र कोश्यारी ने लालकुआं में स्थायी रूप से घर बनाकर यह स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर हैं। गृह प्रवेश के दौरान आयोजित पूजा कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में पहुंचे, जिसे उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
दीपेंद्र कोश्यारी लंबे समय से क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। खनन व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याएं हों, बिजली आपूर्ति के सवाल हों या बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने का मुद्दा—इन सभी विषयों पर उन्होंने खुलकर आवाज उठाई है। हाल के दिनों में उन्होंने जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया है और गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के कई वरिष्ठ और प्रभावशाली चेहरे धीरे-धीरे उनके समर्थन में आते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ नेता पर्दे के पीछे रहकर उनके पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि क्षेत्र में उनकी सक्रियता इसी तरह जारी रही तो पार्टी नेतृत्व के लिए उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।
हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में आने वाले समय में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की राजनीति और भी दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं।








