देहरादून- सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) भर्ती परीक्षा की तिथि बदली, अब इस तिथि को होगा आयोजन

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने सहायक अध्यापक (एलटी–विशेष शिक्षा) भर्ती परीक्षा की तिथि में बदलाव कर दिया है। आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब यह परीक्षा 18 जनवरी के बजाय 25 जनवरी को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी।
आयोग के प्रभारी अनुसचिव सुभाष चंद्र घिल्डियाल की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, सहायक अध्यापक एलटी विशेष शिक्षा शिक्षकों की भर्ती का विज्ञापन 12 सितंबर 2025 को जारी किया गया था। आयोग के पूर्व निर्धारित कैलेंडर के अनुसार परीक्षा 18 जनवरी को प्रस्तावित थी, जिसे अब स्थगित करते हुए 25 जनवरी कर दिया गया है।
यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एकल पाली में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 19 जनवरी को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 128 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
एनओसी में देरी बनी बाधा, वन दरोगा भर्ती से तीन अभ्यर्थी बाहर
यूकेएसएसएससी की वन दरोगा भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभिलेख सत्यापन में लापरवाही के चलते तीन अभ्यर्थियों को भर्ती से बाहर कर दिया गया है। आयोग के अनुसार, एक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक एनओसी प्रस्तुत नहीं कर सका, जबकि दूसरे अभ्यर्थी ने विज्ञापन जारी होने की तिथि के बाद की एनओसी प्रस्तुत की।
इसके अलावा, एक अन्य अभ्यर्थी का खेल प्रमाणपत्र अमान्य पाए जाने के कारण उसका अभ्यर्थन भी निरस्त कर दिया गया। आयोग द्वारा 26, 27, 28 नवंबर और 1 दिसंबर को अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई थी।








