देहरादून- मुख्यमंत्री धामी का बड़ा ऐलान: ‘लखपति दीदी’ अब बनेंगी ‘करोड़पति दीदी’, महिला सशक्तिकरण को मिलेगा नया आयाम

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण को मजबूती देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘लखपति दीदी से करोड़पति दीदी’ बनाने का विजन प्रस्तुत करते हुए मिशन मोड पर काम शुरू करने की घोषणा की है। सोमवार को सचिवालय से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 95 विकासखंडों के महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सभी सरकारी कार्यक्रमों, आयोजनों और समारोहों में अब केवल महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित वस्तुओं जैसे स्मृति चिह्न, शॉल और उपहार सामग्रियों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही, जिलाधिकारियों को ग्रोथ सेंटरों में महिलाओं को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिलांस’ ब्रांड के माध्यम से महिला उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने, उनकी मार्केटिंग, ब्रांडिंग, गुणवत्ता और पैकेजिंग पर विशेष जोर देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
68 हजार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं 5 लाख महिलाएं
सीएम धामी ने बताया कि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अब तक प्रदेश में 68 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह बन चुके हैं, जिनसे 5 लाख से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं। ये समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सामूहिक नेतृत्व की मिसाल पेश कर रहे हैं। वर्तमान में 7,000 से अधिक ग्राम्य संगठन और 500 से ज्यादा क्लस्टर संगठन सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ बनी महिला सशक्तीकरण का आधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू की गई “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना” ने महिला आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। योजना के अंतर्गत 27 हजार से अधिक स्टाल लगाए गए, जिनमें ₹7 करोड़ से ज्यादा की बिक्री हुई।
वर्तमान में राज्यभर में 33 नैनो पैकेजिंग यूनिट्स, 17 सरस सेंटर, तीन राज्य स्तरीय विपणन केंद्र और आठ बेकरी यूनिट्स संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा चारधाम यात्रा मार्ग और रेलवे स्टेशनों पर ‘वन स्टेशन, वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत महिला उत्पादों के लिए विशेष बिक्री केंद्र बनाए गए हैं।
सीएम ने दिया स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का संदेश
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए सभी नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों के अधिकतम उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं उत्तराखंड की हर बहन और मां को विश्वास दिलाता हूं कि आपका ये बेटा, आपके अधिकार और सम्मान की रक्षा में पूरी निष्ठा से काम करेगा।”
महिलाओं से लिए सुझाव, साझा किए अनुभव
सीएम धामी ने संवाद के दौरान महिला समूहों से उनकी आय, उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन और आत्मनिर्भरता से जुड़े अनुभवों को साझा करने का आग्रह किया। साथ ही उनसे सुझाव भी आमंत्रित किए ताकि महिला नेतृत्व को और अधिक मज़बूत किया जा सके।