उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में लागू होगी देवभूमि परिवार पहचान पत्र योजना, इस दिन होगा शुभारंभ

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में निवासरत परिवारों की पहचान को एकीकृत करने और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार जल्द ही देवभूमि परिवार पहचान पत्र योजना लागू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर 24 मार्च 2026 को इस योजना का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

 

इस योजना को लेकर 12 नवंबर 2025 को हुई धामी मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गई थी। इसके बाद नियोजन विभाग द्वारा योजना को कानूनी आधार देने के लिए एक्ट तैयार किया गया, जो अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आगामी 11 फरवरी को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में इस एक्ट को रखा जाएगा। कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद इसे विधानसभा के बजट सत्र में पारित कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  प्रदेश में अगले तीन दिन बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज, आज प्रदेशभर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट।

 

उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2022 में हरियाणा की तर्ज पर राज्य में परिवार पहचान पत्र लागू करने का निर्णय लिया था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाना, फर्जी लाभ पर रोक लगाना और यह सुनिश्चित करना है कि एक ही परिवार बार-बार योजनाओं का अनुचित लाभ न ले सके।

 

योजना को तेजी से लागू करने के लिए वर्ष 2024 में नियोजन विभाग के अंतर्गत एक अलग प्रकोष्ठ का गठन किया गया था। साथ ही राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के माध्यम से एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया, जिस पर वर्तमान में उपलब्ध डाटा अपलोड किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़- आदर्श व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह, व्यापारी हितों के साथ ही क्षेत्र हितों के लिए भी कटिबद्ध रहने का लिया गया संकल्प

 

नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि देवभूमि परिवार पहचान पत्र योजना को लीगल आइडेंटिटी देने के लिए एक्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। योजना लागू होने के बाद हर परिवार को एक यूनिक परिवार पहचान संख्या दी जाएगी।परिवार के मुखिया को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे घर बैठे ही परिवार के सदस्यों का नाम, पता या अन्य विवरण अपडेट कर सकेंगे। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय के साथ होने वाले बदलावों को ऑनलाइन ही अपडेट किया जा सकेगा।

 

देवभूमि परिवार पहचान पत्र योजना की मुख्य विशेषताएं

  • राज्य में निवासरत सभी परिवारों का विस्तृत डाटाबेस तैयार किया जाएगा
  • हर परिवार को एक यूनिक परिवार पहचान संख्या दी जाएगी
  • सभी सरकारी योजनाएं परिवार आईडी से जोड़ी जाएंगी
  • पात्र योजनाओं की जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध होगी
  • यह पता चल सकेगा कि परिवार ने किन योजनाओं का लाभ लिया है
  • यह भी जानकारी मिलेगी कि कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ अभी लिया जा सकता है
  • योजनाओं में पारदर्शिता आएगी और फर्जी लाभ पर रोक लगेगी
यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी -(बड़ी खबर) यहां दूध डेयरी में घी में डालडा मिलाने के मामले में हुई कार्यवाही, इन प्रतिष्ठानों में भी प्रशासन ने की छापेमारी

 

राज्य सरकार का मानना है कि देवभूमि परिवार पहचान पत्र योजना से शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी, साथ ही आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और तेज़ी से मिल सकेगा।