उत्तराखण्डगढ़वाल,

देहरादून में शादी के बाद दूल्हे की 20 लाख की मांग! बिना दुल्हन के बरात लेकर दिल्ली लौटा परिवार

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली से आई बरात ने शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई से पहले 20 लाख रुपये की मांग कर दी। दुल्हन पक्ष ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो दूल्हा पक्ष दुल्हन को साथ लिए बिना ही बरात लेकर दिल्ली लौट गया। हैरानी की बात यह रही कि बरातियों ने प्रीतिभोज में खाना तक नहीं खाया। मेहमानों के लिए तैयार किया गया पूरा भोजन बर्बाद हो गया। घटना के बाद दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

मामला 27 नवंबर का बताया जा रहा है। दुल्हन के भाई की ओर से महिला हेल्पलाइन में दी गई शिकायत के अनुसार, दिल्ली से बरात देहरादून के कोतवाली क्षेत्र में पहुंची थी। यहां एक गुरुद्वारे में शादी की रस्में संपन्न कराई गईं। इसके बाद प्रीतिभोज का आयोजन होना था और दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हल्द्वानी बनभूलपुरा में अतिक्रमण भूमि का सर्वे शुरू

 

 

पार्लर में तैयार होते समय रखी 20 लाख की मांग

शिकायत के मुताबिक, शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा-दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गए थे। इसी दौरान आरोप है कि दूल्हे के भाई और भाभी ने दुल्हन पक्ष के सामने विदाई से पहले 20 लाख रुपये देने की मांग रख दी। अचानक इतनी बड़ी रकम की मांग से दुल्हन पक्ष के लोग परेशान हो गए। उन्होंने तत्काल इतनी रकम का इंतजाम कर पाने में असमर्थता जताई, लेकिन दूल्हा पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- बीमार पड़ने पर भी जारी रहेगा इन कर्मियों का मानदेय

 

 

प्रीतिभोज में भी बनाया दबाव, बिना खाना खाए लौटी बरात

आरोप है कि इसके बाद दूल्हा पक्ष प्रीतिभोज स्थल पर पहुंचा और जल्द से जल्द 20 लाख रुपये जुटाने का दबाव बनाया। रकम नहीं मिलने पर दुल्हन के बिना ही लौटने की चेतावनी दी गई। विवाद बढ़ने पर दूल्हे और उसके परिवार ने बरातियों को खाना खाने से भी रोक दिया। इसके चलते किसी बराती ने भोजन नहीं किया। मेहमानों के लिए तैयार किया गया पूरा प्रीतिभोज बर्बाद हो गया।

 

 

आखिरकार 20 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन की विदाई कराए बरात लेकर दिल्ली लौट गया। इस घटना से दुल्हन और उसके परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार में 27 जुलाई से 2 अगस्त तक बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज, डीएम ने जारी किए आदेश

 

 

महिला हेल्पलाइन में शिकायत, काउंसलिंग के लिए बुलाया

घटना के बाद दुल्हन के भाई ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर दूल्हे, उसके भाई-भाभी, जीजा और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में दहेज की मांग कर शादी के बाद दुल्हन को साथ ले जाने से इनकार करने का आरोप लगाया गया है।

 

 

शिकायत मिलने के बाद महिला हेल्पलाइन की ओर से दूल्हा पक्ष से संपर्क किया गया है। दोनों परिवारों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने के लिए काउंसलिंग में बुलाया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई काउंसलिंग के बाद की प्रक्रिया पर निर्भर करेगी।