देहरादून में नशे में धुत ड्राइवर का कहर: 7 वाहनों को मारी टक्कर, घर में घुसी कार; एक की मौत, 2 गंभीर घायल

देहरादून न्यूज़– शहर के डालनवाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। नशे में धुत एक कार चालक ने तेज रफ्तार में बेकाबू होकर 7 वाहनों को टक्कर मार दी और अंत में एक घर की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा ओल्ड सर्वे रोड पर रात करीब 8 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक नशे में था और अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था।
तेज रफ्तार ने ली जान
जानकारी के अनुसार, इनोवा कार (UK 07 DF 1795) चला रहा आरोपी पहले एक बिजली के खंभे से टकराया, जिसके बाद उसने एक कार (UK 07 TE 2606) को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद भी चालक नहीं रुका और आगे बढ़ते हुए स्कूटी सवार राहुल (निवासी अंबेडकर नगर) को टक्कर मार दी।
पिता-पुत्र को भी बनाया शिकार
बेकाबू ड्राइवर ने आगे बढ़ते हुए बाइक (UK 07 FR 5116) सवार रोहित फिलिप्स (48) और उनके पुत्र अनुज फिलिप्स (22) को भी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित फिलिप्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घर में घुसी कार, मचा हड़कंप
हादसे का सिलसिला यहीं नहीं थमा। ड्राइवर ने दो अन्य वाहनों को भी चपेट में लिया और अंत में एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। घर के अंदर खड़ी कार और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घायलों की हालत गंभीर
इस हादसे में कुल दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोपी चालक हिरासत में
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। डालनवाला थानाध्यक्ष संतोष कुंवर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चालक इतनी तेज रफ्तार में गाड़ी क्यों चला रहा था। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








