लालकुआं हाईवे पर शराबी ड्राइवर ने मचाया उत्पात, तीन गाड़ियों को मारी टक्कर, हाईवे पर लगा जाम

लालकुआं न्यूज़– लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक मंजर देखने को मिला। नशे में धुत एक ट्रक चालक ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित ट्रक से स्कॉर्पियो और कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि उनमें सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने गुमटी के पास एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद भी वह ट्रक लेकर भागता रहा। बताया जा रहा है कि अवंतिका मंदिर फ्लावर के पास ट्रक ने एक स्कॉर्पियो और एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे से अधिक समय तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने किसी अन्य चालक की मदद से ट्रक को थाने तक पहुंचाया और आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार श्रद्धालु कैंची धाम मंदिर से दर्शन कर नोएडा लौट रहे थे, जबकि कार सवार बरेली निवासी बताए जा रहे हैं, जो दर्शन के बाद वापस घर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।








