उत्तराखंड में 22 मई तक हीटवेव का अलर्ट, मैदानी जिलों में पारा 40 डिग्री पार होने के आसार
हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, हल्द्वानी और देहरादून में बढ़ेगी गर्मी, पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने राज्य में 22 मई तक हीटवेव जैसे हालात बने रहने का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, हल्द्वानी और देहरादून समेत मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलों को एडवाइजरी जारी कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार फिलहाल प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और आज बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, हल्द्वानी और देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है। वहीं नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इसके अलावा टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत और निचले चमोली क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश
एसईओसी ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निकायों, जल संस्थान और बिजली विभाग समेत सभी संबंधित एजेंसियों को हीटवेव से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा है। लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
देहरादून में रहेगा गर्म और शुष्क मौसम
राजधानी देहरादून में मंगलवार को मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। दिनभर तेज धूप खिली रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन के समय उमस और गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा सकता है।
एक दिन पहले भी झुलसाया मौसम
प्रदेश में सोमवार को भी मौसम पूरी तरह साफ रहा और दिनभर तेज धूप के साथ गर्मी का असर देखने को मिला। देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी और ऊधम सिंह नगर समेत मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्म हवाओं और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि पहाड़ी जिलों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी रही।
चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम साफ रहा। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह और शाम के समय ठंड महसूस की गई।
अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
20 मई 2026:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में हीटवेव जैसे हालात बने रह सकते हैं।
21 मई 2026:
पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मौसम सक्रिय रह सकता है। हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है।
22 मई 2026:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन हो सकती है। तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई तक मैदानी जिलों में हीटवेव का असर बना रह सकता है।








