उत्तराखण्डकुमाऊं,

नैनीताल- भवाली नैनीबैंड बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने टक्कर के बाद बलेनो कार 25 मीटर खाई में गिरी, युवक गंभीर

नैनीताल जनपद के भवाली सेनेटोरियम नैनीबैंड बाईपास पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां दो कारों की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है।

 

 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही बलेनो कार और कैंची धाम की ओर जा रही स्विफ्ट कार के बीच नैनीबैंड बाईपास के पास जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो कार सड़क किनारे लगे सुरक्षा घेरा को तोड़ते हुए सीधे करीब 25 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ अज्ञात कारणों के चलते दंपति ने खाया जहर, पूर्व प्रधान की मौत, पत्नी की हालत गंभीर, घर में पसरा मातम

 

सूचना मिलते ही भवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायल युवक दीपक बिष्ट (36 वर्ष), निवासी ग्राम खनिया, रानीखेत को बाहर निकाला गया।

यह भी पढ़ें 👉  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल पंकज भट्ट ने किए उपनिरीक्षकों के बंपर तबादले

 

पुलिस ने घायल दीपक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी-बनभूलपुरा में अवैध संबंधों के शक में हुई सीमा की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी पति को किया गिरफ्तार

 

हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि खतरनाक मोड़ों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इन स्थानों पर क्रैश बैरियर, चेतावनी संकेतक और सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।