देहरादून में HRTC बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, 4 की मौत, 32 घायल; ट्रक को साइड देते समय हुआ हादसा

देहरादून के त्यूणी क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में 12 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को रेस्क्यू कर विकासनगर के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
SDRF अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 10 बजे क्वानू के पास हरिपुर-क्वानू-मीनस मोटर मार्ग पर हुआ। हिमाचल प्रदेश के नेरवा-चौपाल से पांवटा साहिब जा रही HRTC बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीमें पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से मौके के लिए रवाना की गईं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास ट्रक को साइड देने के दौरान सड़क के किनारे की ओर चली गई, जिससे सड़क का पुश्ता धंस गया और बस असंतुलित होकर खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस कई बार पलटते हुए नीचे गिरी।
दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर HP66A-2588 है। हादसे की सूचना सबसे पहले बस के परिचालक ने पुलिस को दी। यह बस सुबह करीब 6:30 बजे चौपाल डिपो से निकली थी और नेरवा होते हुए पांवटा साहिब जा रही थी। बस में 36 से अधिक यात्री सवार थे।
इस हादसे में मृतकों की पहचान यास्मीन बेगम (46) पत्नी नेक मोहम्मद निवासी ग्राम क्यारला, नेरवा, रिचा (30) पत्नी बिरेंद्र निवासी ग्राम विजमल, नेरवा, धन बहादुर निवासी ग्राम क्यारला, नेरवा और दिनेश कुमार (54) पुत्र मोहन सिंह निवासी ग्राम चौपाल, शिमला के रूप में हुई है। दिनेश कुमार बस के चालक थे।
हादसे के बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देहरादून प्रशासन से फोन पर संपर्क कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुर्घटना पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने जिलाधिकारी से फोन पर बात कर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी नजदीकी चिकित्सा केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कराया जाएगा।
प्रशासन और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हुए हैं और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।








