अपने नाम का SIM किसी और को दिया तो हो सकती है जेल! 50 लाख तक जुर्माने का प्रावधान, DoT की चेतावनी

नई दिल्ली न्यूज़- अगर आपके नाम पर कोई मोबाइल SIM कार्ड जारी है और आप उसे किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए देते हैं, तो अब सावधान रहने की जरूरत है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने मोबाइल यूजर्स को SIM कार्ड और टेलीकॉम आइडेंटिफायर के गलत इस्तेमाल को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने साफ किया है कि कुछ तरह के उल्लंघन पर Telecommunications Act, 2023 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
DoT के मुताबिक, अपने नाम पर जारी SIM को किसी दूसरे व्यक्ति को देना, बेचना या ट्रांसफर करना परेशानी का कारण बन सकता है, खासकर तब जब उस नंबर का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी गतिविधि में किया जाता है। कुछ मामलों में नियमों के उल्लंघन पर 3 साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों का प्रावधान बताया गया है।
फर्जी दस्तावेज से SIM लेना भी पड़ सकता है भारी
दूरसंचार विभाग ने फर्जी दस्तावेजों, धोखाधड़ी या किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल करके SIM हासिल करने से भी बचने की सलाह दी है। साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल होने वाले ‘म्यूल SIM’ भी चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में अगर SIM किसी व्यक्ति के नाम पर दर्ज है और उसका इस्तेमाल गलत गतिविधि में होता है, तो संबंधित व्यक्ति के लिए कानूनी परेशानी खड़ी हो सकती है।
IMEI नंबर से छेड़छाड़ पर भी सख्ती
DoT ने मोबाइल फोन के IMEI नंबर और अन्य टेलीकॉम आइडेंटिफायर से छेड़छाड़ को लेकर भी चेतावनी दी है। IMEI मोबाइल फोन की पहचान से जुड़ा यूनिक नंबर होता है। विभाग के अनुसार, IMEI बदलने या उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश Telecommunications Act की धारा 42 के तहत अपराध हो सकती है।
इसी तरह Calling Line Identification यानी CLI में बदलाव करने वाले टूल या तरीकों का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित है। ऐसे अपराधों के लिए 3 साल तक की जेल, 50 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों का प्रावधान बताया गया है।
अपने नाम पर कितने SIM चल रहे हैं, ऐसे करें चेक
मोबाइल यूजर्स यह जरूर जांच लें कि उनके नाम पर कितने मोबाइल नंबर जारी हैं। इसके लिए सरकार के Sanchar Saathi पोर्टल और ऐप पर ‘Know Mobile Connections in Your Name’ सुविधा उपलब्ध है। इस सुविधा के जरिए यूजर अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी देख सकता है।
अगर सूची में ऐसा कोई नंबर दिखाई देता है जिसे आपने जारी नहीं कराया है या जिसका इस्तेमाल आप नहीं करते हैं, तो उसे रिपोर्ट करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे अनजान या गलत तरीके से जारी किए गए मोबाइल कनेक्शन के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
मोबाइल का IMEI भी कर सकते हैं चेक
Sanchar Saathi पर मोबाइल फोन की genuineness जांचने की सुविधा भी मौजूद है। ‘Know Mobile Handset Genuineness’ विकल्प के जरिए मोबाइल के ब्रांड, मॉडल और मैन्युफैक्चरर जैसी जानकारी जांची जा सकती है।
ऐसे में अगर आपके नाम पर कोई अनजान SIM चल रहा है या आपने अपना SIM किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए दिया हुआ है, तो उसकी स्थिति जरूर जांच लें। साथ ही मोबाइल के IMEI नंबर के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ से भी बचें, ताकि भविष्य में किसी कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।








