रामनगर में अवैध गैस रैकेट का खुलासा, 34 सिलेंडर बरामद—दो भाई गिरफ्तार, डिलीवरी मैन हटाया गया

रामनगर में अवैध गैस कारोबार के खिलाफ प्रशासन और पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मोहल्ला खताड़ी में एक घर के अंदर संचालित अवैध गैस रिफिलिंग यूनिट का पर्दाफाश होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 34 गैस सिलेंडर बरामद करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले रामनगर प्रशासन और कोतवाली पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर इस अवैध यूनिट का खुलासा किया। मौके से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए गए। पुलिस ने इस मामले में अमन उर्फ भल्ला और शहजाद उर्फ शैजी (पुत्र रईस अहमद) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गैस एजेंसियों से जुड़े मिले तार
पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी अमन पहले एचपी गैस एजेंसी में होम डिलीवरी का काम कर चुका है, जबकि शहजाद टेंपो चालक है। इतना ही नहीं, कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार के मुताबिक, दोनों का बड़ा भाई इंडेन गैस एजेंसी में सिलेंडर डिलीवरी से जुड़ा हुआ है। इससे इस पूरे नेटवर्क के बड़े और संगठित होने के संकेत मिल रहे हैं।
एजेंसियों ने शुरू की कार्रवाई
मामले के उजागर होते ही इंडेन गैस एजेंसी प्रबंधन ने सख्त कदम उठाए हैं। एजेंसी के प्रबंधक दीप कुमार आर्य ने ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे डिलीवरी मैन सुहैल को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है और ठेकेदार से जवाब तलब किया गया है। बताया जा रहा है कि सुहैल पिछले तीन वर्षों से इस काम में लगा था।
वहीं, एचपी गैस एजेंसी के मालिक निजामुद्दीन ने आरोपियों से किसी भी प्रकार के वर्तमान संबंध से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि अमन उनकी एजेंसी में कार्यरत नहीं था और यह जांच की जा रही है कि उसके पास गैस सिलेंडर कैसे पहुंचे।
जांच जारी, और गिरफ्तारियां संभव
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस अवैध गैस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।
इस कार्रवाई को रामनगर में अवैध गैस नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है और प्रशासन अब इस पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में जुटा है।








