पिथौरागढ़ में पड़ोसियों ने युवक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, शव जंगल में दबाया; 24 घंटे में चार गिरफ्तार

पिथौरागढ़ के कोतवाली जौलजीबी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। किमखोला ग्राम पंचायत के वनराजी गांव भगतिरवा में पड़ोसियों ने एक युवक की लोहे के पाइप और डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए आरोपितों ने शव को करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में पत्थरों और मिट्टी के नीचे दबा दिया।
मृतक की पत्नी रेखा देवी की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक महिला समेत चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 22 मार्च की शाम गांव निवासी बसंती देवी, उसके दो बेटे रमेश सिंह और जनक सिंह तथा प्रदीप सिंह ने पड़ोसी कुंदन सिंह रजवार के साथ मारपीट की। आरोप है कि सभी ने मिलकर लोहे के पाइप और लकड़ी से कुंदन सिंह को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद अगले दिन सुबह आरोपित शव को ठिकाने लगाने के लिए झिपुखोला जंगल की ओर ले गए और उसे पत्थरों व मिट्टी के नीचे दबा दिया।
मामले की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दबिश देकर बसंती देवी के घर से ही चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने झिपुखोला गधेरे से कुंदन सिंह का शव बरामद किया।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस लोमहर्षक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब पांच वर्ष पहले भी इसी इलाके में मामूली विवाद के चलते एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई थी।
बताया जा रहा है कि भगतिरवा तोक धारचूला तहसील के अंतर्गत जौलजीबी के पास स्थित है, जो हाईवे से करीब तीन किलोमीटर की चढ़ाई पर बसा है। यहां वनराजी समुदाय के कुछ ही परिवार निवास करते हैं।








