उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तरकाशी में अंगीठी के धुएं से दम घुटा: एक मजदूर की मौत, साथी की हालत गंभीर

उत्तरकाशी न्यूज़– जिले के चामकोट गांव में अंगीठी के धुएं से दम घुटने का दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक निर्माणाधीन भवन में काम करने आए दो मजदूरों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है।

 

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय प्रमोद जोशी के रूप में हुई है, जबकि उनके साथी सुरेश चंद्र (60) की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर के रहने वाले थे और चामकोट गांव में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में ठेके पर काम कर रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- प्रदेश में बन रही फर्जी तरीके से हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, मंत्रालय ने दिए परिवहन विभाग को जांच के निर्देश।

 

बताया गया कि सोमवार देर रात दोनों ने खाना खाने के बाद ठंड से बचने के लिए कमरे के भीतर अंगीठी जलाई और दरवाजा बंद कर रजाई ओढ़कर सो गए। आशंका है कि रात भर अंगीठी से निकले जहरीले धुएं के कारण दोनों बेहोश हो गए।

 

सुबह जब लाइट फिटिंग के लिए एक इलेक्ट्रीशियन मौके पर पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो उसने आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं आने पर उसने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो दोनों को बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा पाया गया। प्रमोद जोशी की सांसें बंद हो चुकी थीं, जबकि सुरेश चंद्र की सांसें चल रही थीं।
ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रमोद जोशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुरेश चंद्र का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल पंकज भट्ट ने किए उपनिरीक्षकों के बंपर तबादले

 

बताया गया कि प्रमोद जोशी पेशे से मिस्त्री थे, जबकि सुरेश चंद्र ठेकेदार का काम करते थे। तीन दिन पहले ही अधिकांश मजदूर काम पूरा कर वापस गांव लौट गए थे, लेकिन ये दोनों अंतिम कार्य निपटाने के लिए वहीं रुके हुए थे। भवन का मालिक देहरादून में रहता है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- यहाँ ड्यूटी पर तैनात सिपाही के साथ दिल्ली के दंपति ने की अभद्रता, फोन छीनकर जमीन पर फेंका, जानें पूरा मामला

 

फिलहाल घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जो देर शाम तक उत्तरकाशी पहुंचेंगे। परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।