रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा टला: मंदाकिनी के तेज बहाव में फंसी तीन महिलाओं को SDRF-DDRF ने सुरक्षित निकाला

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। तिलवाड़ा क्षेत्र में मंदाकिनी नदी के बीच तेज बहाव में फंसी तीन महिलाओं को SDRF और DDRF की संयुक्त टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। समय पर की गई कार्रवाई से तीनों महिलाओं की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, तीनों महिलाएं मंदाकिनी नदी में बहकर आई लकड़ियां निकालने के लिए नदी के बीच पहुंची थीं। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया। देखते ही देखते तेज बहाव ने महिलाओं को चारों ओर से घेर लिया और उनके लिए बाहर निकलना असंभव हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को जानकारी दी। सूचना पर SDRF और DDRF की टीमें आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। खराब मौसम और तेज बहाव जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने सुनियोजित अभियान चलाकर तीनों महिलाओं को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल को मौके पर रवाना किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों महिलाओं को सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
इधर, जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते मंदाकिनी और अलकनंदा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, नालों और तटवर्ती क्षेत्रों से दूर रहें तथा बहाव वाले इलाकों में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की भी अपील की है।








