नैनीताल-बरेली रोड का विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने किया निरीक्षण

लालकुआं न्यूज़- विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने मंगलवार को नैनीताल-बरेली रोड का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनिल कुमार जिंदल, प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारियों की टीम मौजूद रही। विधायक ने शिवपुरी से हल्दूचौड़ तक सर्विस लाइन निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने हल्दूचौड़ में यू-टर्न कट खोलने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
साथ ही हल्दूचौड़ एवं गोरापड़ाव में फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण और सभी यू-टर्न स्थलों पर चौड़ीकरण कार्य कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, कमल भट्ट, दिनेश राणा, महामंत्री बालम बिष्ट, राजेंद्र पांडे, प्रद्युम्न दुमका, जिला कार्यकारिणी सदस्य विक्की पाठक सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।








