कांवड़ मेले में सख्ती: अवैध हूटर और लाल-नीली बत्ती लगी मॉडिफाइड स्कॉर्पियो सीज

हरिद्वार न्यूज़– कांवड़ मेले के दौरान जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सिडकुल थाना पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक युवक की मॉडिफाइड स्कॉर्पियो कार को सीज कर दिया। वाहन में अवैध रूप से हूटर, ब्लैक फिल्म और पुलिस जैसी लाल-नीली बत्ती लगी पाई गई।
पुलिस के मुताबिक, बीती रात सिडकुल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो कार तेज आवाज में हूटर बजाते हुए आती दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। जांच में पाया गया कि कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। इसके अलावा वाहन पर पुलिस जैसी लाल-नीली बत्ती लगी थी और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी नहीं थी।
जांच के दौरान पता चला कि कार चला रहा युवक अमन चौधरी सड़कों पर हूटर बजाकर हुड़दंग कर रहा था। पूछताछ में युवक ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि कांवड़ मेले को देखते हुए पूरे जिले में सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहनों में अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म और लाल-नीली बत्ती लगाना कानूनन अपराध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।








