दिल्ली कोर्ट पेशी के बाद रहस्यमय मौत: आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर हल्द्वानी के युवक व उसके दोस्त के शव मिले

हल्द्वानी न्यूज़– पत्नी से चल रहे विवाद के मामले में दिल्ली कोर्ट में पेशी के लिए गए हल्द्वानी निवासी युवक और उसके दोस्त की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव दिल्ली के आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग दिन और कुछ दूरी के अंतर पर मिले, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार हल्द्वानी वैलेजली लॉज गली नंबर-2, शिव मंदिर निवासी 30 वर्षीय रवि गुप्ता एक फाइनेंसियल कंपनी में कार्यरत थे। उनका दिल्ली के मंडावली निवासी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जिसको लेकर कोर्ट में मामला विचाराधीन था। चार जनवरी को रवि अपने आठ वर्षीय बेटे और दोस्त गोलू शर्मा के साथ दिल्ली रवाना हुए थे। पांच जनवरी को रवि गुप्ता कोर्ट में पेश हुए, लेकिन इसके कुछ समय बाद उनका शव आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला।
घटना के अगले दिन यानी छह जनवरी को उसी स्थान से करीब 200 मीटर दूर रवि के 25 वर्षीय दोस्त गोलू शर्मा का शव भी रेलवे ट्रैक पर मिला। दोनों शवों की पहचान होने के बाद दिल्ली पुलिस ने हल्द्वानी पुलिस और परिजनों से संपर्क किया। बताया जा रहा है कि रवि गुप्ता के शव पर मारपीट के निशान भी दिखाई दे रहे थे, जिससे परिजनों ने संदेह जताया है।
इधर, सात जनवरी को भोटियापड़ाव चौकी के माध्यम से रवि गुप्ता की मौत की सूचना परिजनों को दी गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को रवि का शव हल्द्वानी लाया गया, जहां देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पार्षद धर्मवीर डेविड ने बताया कि रवि के दोस्त गोलू शर्मा का शव लेने के लिए उनके परिजन दिल्ली गए हुए हैं।
फिलहाल दोनों युवकों की मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।








