उत्तराखण्डकुमाऊं,

नैनीताल- मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ने पर नैनीताल के तीन विकासखण्डों में स्कूल व आंगनबाड़ी 3 दिन बंद

नैनीताल न्यूज़– जनपद नैनीताल के विकासखण्ड धारी, ओखलकाण्डा एवं रामगढ़ क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में लगातार वृद्धि तथा आदमखोर वन्यजीव की सक्रियता की सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन क्षेत्रों में संचालित समस्त विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अस्थाई रूप से अवकाश घोषित किया गया है।

 

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत विकासखण्ड धारी, ओखलकाण्डा एवं रामगढ़ में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में दिनांक 15 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय अवकाश रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ बरसाती नाले में नर कंकाल मिला

 

आदेश में कहा गया है कि इन क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बच्चों को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों तक पहुंचने के लिए सुनसान मार्गों, पगडंडियों एवं वन क्षेत्रों से होकर आना-जाना पड़ता है, जिससे छोटे बच्चों एवं छात्रों की जान-माल की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- ड्यूटी ज्वाइन नही करने वालों को डाक विभाग ने दिया अंतिम नोटिस

 

जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस अवधि में किसी भी बच्चे को विद्यालय अथवा आंगनबाड़ी केन्द्रों में न बुलाया जाए। साथ ही वन विभाग, पुलिस विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति की लगातार समीक्षा की जाएगी। हालात सामान्य होने पर आगे के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ गैस सिलिंडर लीक होने से होटल में लगी भीषण आग, लोगों ने भागकर बचाई जान

 

 

मुख्य शिक्षाधिकारी, जनपद नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि इस आदेश की सूचना समय रहते सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।