नैनीताल: यहाँ बेटी की शादी से 10 दिन पहले पोस्टमैन पिता की संदिग्ध मौत, नाले में मिला शव, मोबाइल गायब

नैनीताल से एक बेहद दर्दनाक और रहस्यमयी मामला सामने आया है, जहां बेटी की शादी से महज 10 दिन पहले पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पोस्टमैन नवीन चंद्र गुणवंत के रूप में हुई है, जो कोटाबाग उप डाकघर में कार्यरत थे।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को सूचना मिली कि भुजियाघाट पुल के नीचे एक बरसाती नाले में एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। पास ही एक काला बैग बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड और उनकी बेटी भावना की शादी के निमंत्रण पत्र मिले।
बताया जा रहा है कि नवीन चंद्र अपनी बड़ी बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। उनकी बेटी भावना की शादी 21 अप्रैल को होनी थी और घर में तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। छोटी बेटी गुंजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे नवीन चंद्र ने आखिरी बार फोन कर बताया था कि वे भवाली में एक रिश्तेदार के घर रुके हैं, खाना खा लिया है और अब सोने जा रहे हैं। इसके बाद से उनका फोन स्विच ऑफ आने लगा। शनिवार शाम को उनकी मौत की खबर मिली।
मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस नाले से शव मिला, उसकी गहराई 8 से 10 फीट बताई जा रही है। मृतक के पैर मुड़े हुए पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है। वहीं, उनका मोबाइल फोन भी मौके से गायब है।
परिजनों ने सवाल उठाया है कि जब उन्हें अल्मोड़ा के पास सुयालबाड़ी जाना था, तो वे वापस भुजियाघाट कैसे पहुंचे। साथ ही, पुल से गिरने के कोई स्पष्ट निशान भी नहीं मिले हैं, जिससे घटना की गुत्थी और उलझ गई है।
रविवार को हल्द्वानी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगल से मामले की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।








