अप्रैल 2026 से शुरू होगा राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वे, देहरादून में अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

देहरादून न्यूज़– देश में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर घरेलू आय के सटीक आंकड़े जुटाने के लिए बड़े सर्वेक्षण की शुरुआत होने जा रही है। इसकी तैयारियों के तहत उत्तराखंड में अप्रैल 2026 से सर्वे शुरू किया जाएगा। सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकलन प्रभाग) की ओर से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भारतीय वन सर्वेक्षण के सभागार में 16 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उप महानिदेशक एवं क्षेत्रीय प्रमुख केदार नाथ वर्मा ने किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली, डेटा संग्रहण, सत्यापन और रिपोर्टिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी गईं।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण देश में पहली बार व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य परिवारों की आय से संबंधित सटीक और अद्यतन आंकड़े एकत्र करना है। यह सर्वेक्षण अप्रैल 2026 से शुरू होकर मार्च 2027 तक संचालित किया जाएगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, चयनित परिवारों के घर-घर जाकर उनकी आय से जुड़े विभिन्न स्रोतों—जैसे वेतन, कृषि, व्यवसाय, मजदूरी और अन्य आय—का डेटा जुटाया जाएगा। इससे देश की वास्तविक आय स्थिति का सटीक आकलन किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि यह सर्वेक्षण ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और सरकार को नीति निर्माण में मदद करेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन उप निदेशक नीतीश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ सहायक निदेशक संजय रतुरी और योगेश कुमार, वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी पुष्कर सिंह बिष्ट, अभिषेक सिंघल, अनिमेश मयंक, श्वेता शर्मा और कुलदीप सिंह ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।
प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रभावी बताया।








