लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्दूचौड़ में राष्ट्रीय युवा दिवस पर एनएसएस का एक दिवसीय शिविर आयोजित

हल्दूचौड़ न्यूज़– लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सोमवार को एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनीता सिंह, बी.एड. विभागाध्यक्ष प्रो. ललित मोहन पाण्डेय, हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. बीना मैथेला, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से आमंत्रित वक्ता डॉ. सपना एवं महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों द्वारा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
शिविर के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवियों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। इस अभियान के माध्यम से स्वयंसेवियों को श्रम की गरिमा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जीवन कौशल के महत्व को समझाया गया।
इसके पश्चात आयोजित बौद्धिक सत्र में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, हल्द्वानी से आईं विषय विशेषज्ञ डॉ. सपना ने स्वामी विवेकानंद के जीवन वृत्त, विचारों और युवाओं के लिए उनके संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बी.एड. विभागाध्यक्ष प्रो. ललित मोहन पाण्डेय, संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज जोशी तथा बी.एड. विभाग के प्राध्यापक हेमचंद्र पांडेय ने स्वामी विवेकानंद की शिक्षा, दर्शन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजीत कुमार सैनी एवं डॉ. सरोज पंत द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. भारत सिंह डोबाल, डॉ. मनोज कुमार पंत, डॉ. इंद्र मोहन पंत, डॉ. पप्पू सागर, डॉ. रीता दुर्गापाल, डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. हेमलता गोस्वामी, डॉ. नीलम कनवाल, डॉ. चंद्रकांता, डॉ. मंजू जोशी, डॉ. वीरेंद्र सिंह दानू, डॉ. जगत सिंह बिष्ट, डॉ. सुनीता भंडारी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।








