उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, 4 फरवरी तक बिगड़ा रहेगा मौसम

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज यानी 31 जनवरी को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

 

मौसम विभाग के अनुसार, आज ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और हरिद्वार के निचले इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे सुबह और देर रात दृश्यता प्रभावित हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। हालांकि, विभाग ने 1 फरवरी से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी दी है, जिसके चलते प्रदेशभर में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  गौला नदी में खनन सत्र इस तारीख तक बढ़ा, 2.64 लाख घनमीटर उपखनिज निकासी का लक्ष्य शेष

 

4 फरवरी तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 1 फरवरी से 4 फरवरी तक उत्तराखंड में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

 

फिलहाल पिथौरागढ़ के मुनस्यारी, चमोली के बद्रीनाथ धाम और औली, रुद्रप्रयाग के चोपता और उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम में चार दिन बाद भी बर्फ जमी हुई है। इन इलाकों में मौसम साफ होने से पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है।

 

तापमान और आज का हाल
आज प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सुबह और शाम ठंड का एहसास रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) नंदा गौरा योजना को लेकर आई बड़ी अपडेट, पढ़े पूरी खबर

 

देहरादून और मैदानी क्षेत्रों में तापमान आरामदायक रहेगा, लेकिन बादलों के कारण धूप कमजोर महसूस हो सकती है। वहीं, ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड, कोहरा और बारिश-बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

 

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
1 फरवरी:
उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के कई इलाकों में तथा देहरादून, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना। अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Budget Session: गैरसैंण में या देहरादून में होगा बजट सत्र?, अब कैबिनेट लेगी इसका निर्णय

2 फरवरी:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना। शेष जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

 

3 फरवरी:
राज्य के सभी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी तेज हो सकती है।

 

यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने, मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है।