देहरादून- राशन कार्ड धारकों को राहत: पांच साल से कम उम्र के बच्चों की ई-केवाईसी अनिवार्य नहीं

देहरादून न्यूज़-उत्तराखंड के राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारत सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार अब पांच साल से कम उम्र के बच्चों की ई-केवाईसी कराने की अनिवार्यता नहीं होगी। इन बच्चों को अगले एक साल तक ई-केवाईसी से छूट दी गई है। इस निर्णय से प्रदेश के करीब चार लाख राशन कार्ड धारकों को राहत मिलेगी। हालांकि, बच्चों की उम्र पांच से छह साल के बीच होने पर बायोमेट्रिक अपडेट कराकर ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा।
देहरादून जिले में कुल लगभग 3.75 लाख राशन कार्ड जारी किए गए हैं। इनमें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत 2.19 लाख, अंत्योदय अन्न योजना के तहत 15,131 और राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत 1.41 लाख राशन कार्ड शामिल हैं। इन सभी राशन कार्डों में कुल 14.73 लाख यूनिट दर्ज हैं, जिनका सत्यापन भारत सरकार के निर्देश पर किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार इन यूनिटों में करीब 70 हजार यूनिट पांच साल से कम उम्र के बच्चों की हैं। इन बच्चों की ई-केवाईसी कराने में राशन कार्ड धारकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, क्योंकि इस उम्र में बायोमेट्रिक सत्यापन संभव नहीं हो पा रहा था।
नौ लाख से अधिक लोग करा चुके हैं ई-केवाईसी
देहरादून शहर में ई-केवाईसी का कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। शुरुआती दौर में लोगों में जागरूकता की कमी के कारण स्थिति खराब थी, लेकिन अब लोग स्वयं आगे आकर ई-केवाईसी करा रहे हैं। अब तक जिले में नौ लाख से अधिक लोग अपनी ई-केवाईसी पूरी कर चुके हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों की ई-केवाईसी नहीं हो पाने के कारण राशन कार्ड धारकों को परेशानी हो रही थी। भारत सरकार के निर्देश के बाद अब इन बच्चों की ई-केवाईसी की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।








