उत्तराखण्डगढ़वाल,

ऋषिकेश सड़क हादसा: ओवरस्पीड, अश्लील डांस और तेज गानों के बीच मौत की रफ्तार, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, हादसे से पहले का वीडियो आया सामने

उत्तराखंड के ऋषिकेश में हुए भीषण सड़क हादसे का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने चार युवाओं की मौत की पूरी कहानी को उजागर कर दिया है। हादसे से कुछ सेकेंड पहले का करीब दो मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार चालक हरिद्वार रोड पर तेज रफ्तार में महिंद्रा XUV500 दौड़ाता नजर आ रहा है।

 

 

वीडियो में कार के अंदर तेज आवाज में गाने बज रहे हैं। चालक की बगल वाली सीट पर बैठा एक युवक उल्टा बैठकर अश्लील हरकतें और डांस करता दिखाई दे रहा है, जबकि पीछे बैठे युवक वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। इसी दौरान ड्राइवर तेज रफ्तार में कई गाड़ियों को ओवरटेक करता है। आगे अचानक सड़क पार कर रही एक गाय को बचाने की कोशिश में कार अनियंत्रित हो जाती है। इसके बाद कार में बैठे युवक गाली-गलौच करने लगते हैं और कुछ ही पलों में कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर उसके नीचे घुस जाती है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर आई तीन महिलाएं, चुराए गहने और हो गई गायब

 

 

हादसा 16 दिसंबर की रात मनसा देवी मंदिर के रेलवे फाटक के पास हुआ था। कार हरिद्वार की ओर से आ रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि XUV500 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन दृश्य इतना भयावह था कि सड़क पर मांस के टुकड़े बिखरे पड़े थे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- मौसम विभाग ने देहरादून समेत छह जनपदों में आज भारी बारिश की चेतावनी, अगले दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी

 

पुलिस के अनुसार, क्षत-विक्षत शवों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार रॉन्ग साइड से आ रही थी और तेज गति में लगातार ओवरटेक कर रही थी। पीछे चल रही एक अन्य कार के चालक ने बताया कि अगर वे समय पर साइड नहीं देते, तो हादसा उनके साथ भी हो सकता था।

 

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने मृतकों की पहचान धीरज जायसवाल (31) पुत्र दीनबंधु जायसवाल निवासी चंद्रेश्वर नगर दुर्गा मंदिर रोड, हरिओम पांडे (22) पुत्र अरविंद कुमार निवासी हनुमान मंदिर गुमानीवाला, कर्ण प्रसाद (23) पुत्र तुलसी प्रसाद निवासी लक्कड़ घाट और सत्यम कुमार (20) पुत्र मंगल सिंह निवासी गुज्जर बस्ती, ऋषिकेश के रूप में की है। हादसे के वक्त कार धीरज जायसवाल चला रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी टैक्सी, पूर्व सैनिक की मौत, पांच घायल

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चारों युवक एक-दूसरे के परिचित थे और सभी स्थानीय निवासी थे। मृतकों में से दो युवक शादीशुदा थे, जिनमें से एक की पत्नी गर्भवती बताई जा रही है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसकी पत्नी प्रेग्नेंट है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क पर जिम्मेदारी की अनदेखी के खतरनाक परिणामों की चेतावनी देता है।