उत्तराखंड में सनसनीखेज वारदात: अफेयर के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति ने खुद पुलिस को किया फोन

देहरादून न्यूज़- क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां अफेयर के शक में एक युवक ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी और मोबाइल बंद कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 27 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। काजल क्लेमेनटाउन क्षेत्र के मित्तल लेन स्थित एक मकान में केयरटेकर के रूप में काम करती थी। उसका पति धीरज देहरादून में ही दूसरी जगह रह रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब तीन महीने से तलाक को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे।
अफेयर के शक में उठाया खौफनाक कदम
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धीरज को अपनी पत्नी काजल के दूसरे लोगों से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को यह भी डर था कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर पूरी तरह अलग न हो जाए। इसी बीच सोमवार सुबह उसने काजल को गोली मार दी।
मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की हत्या उसके पति धीरज ने की है। परिजनों के मुताबिक, काजल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। हाल में वह अपने पति के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। उसके भाई का घर भी आसपास ही बताया गया है।
सुबह 6 बजे खुद पुलिस को किया फोन
पुलिस जांच के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे धीरज पंवार ने खुद कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी को गोली मारने की बात कही। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और क्लेमेनटाउन क्षेत्र में एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची। यहां पुलिस को काजल का शव बरामद हुआ।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया, जिसके द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में क्लेमेनटाउन थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, घटना की जांच की जा रही है। वहीं, आरोपी धीरज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।








