उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड जारी, चोटियों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में घना कोहरा, येलो अलर्ट बरकरार

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है, हालांकि कई क्षेत्रों में आंशिक बादल भी देखने को मिल रहे हैं। राज्य की ऊंची चोटियों पर लगातार हल्के हिमपात का दौर जारी है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है।

 

केदारनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार तीसरे दिन हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। हिमपात के चलते पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है और लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- ( काम की खबर) हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग आज रहेगा बन्द, करनी होगी इस रूट से यात्रा, जाने वजह

 

वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे का प्रकोप लगातार बना हुआ है। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह से ही घना कोहरा और धुंध छाई रही, जिससे धूप समय पर नहीं निकल पाई। ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार के मैदानी क्षेत्रों में भी घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है और दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- मसूरी में रील बनाते समय 20 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी की मौत, पैर फिसलने से व्यू प्वाइंट से नीचे गिरा

 

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पहाड़ी क्षेत्रों में पाले और मैदानी इलाकों में घने कोहरे की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। सर्द हवाओं के कारण पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूरे सप्ताह मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने के साथ चोटियों पर हल्के हिमपात की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- राज्य कर्मचारियों को जल्द मिलेगी चार फीसदी डीए की सौगात, सीएम धामी ने दिया आश्वासन

 

उत्तराखंड के प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

  • देहरादून: अधिकतम 20.8, न्यूनतम 8.0
  • ऊधम सिंह नगर: अधिकतम 13.2, न्यूनतम 8.5
  • मुक्तेश्वर: अधिकतम 13.6, न्यूनतम 1.4
  • नई टिहरी: अधिकतम 14.5, न्यूनतम 1.5

 

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।