उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

मुरादाबाद हादसे के बाद सख्त एक्शन: उत्तराखंड में BlaBla पर लग सकता है बैन, सरकार ने शुरू की तैयारी

देहरादून न्यूज़- मुरादाबाद के मूंढापांडे में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हल्द्वानी के चार लोगों की मौत के बाद उत्तराखंड सरकार अब ऑनलाइन कार-शेयरिंग प्लेटफॉर्म BlaBla (ब्ला-ब्ला) पर सख्ती के मूड में है। परिवहन विभाग ने राज्य में इस तरह के प्लेटफॉर्म के संचालन पर रोक लगाने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है।

 

विभागीय स्तर पर इस पूरे मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है और शासन को प्रारंभिक रिपोर्ट भी भेजी जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कंपनी की ओर से संचालन से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं मिलता, तो राज्य में इसकी सेवाओं पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

 

कानूनी घेरे में कार-शेयरिंग मॉडल
परिवहन विभाग के अनुसार, BlaBla जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, जो मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन है। नियमों के मुताबिक, यदि कोई निजी वाहन किराया लेकर यात्रियों को ले जाता है, तो उसे व्यावसायिक श्रेणी में माना जाता है, जिसके लिए परमिट, टैक्स और व्यावसायिक बीमा अनिवार्य होता है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून पॉलिटेक्निक मारपीट कांड: शिक्षकों से अभद्रता करने वाला दारोगा निलंबित, एसएसपी ने की बड़ी कार्यवाही

 

सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और जिम्मेदारी किसकी होगी। मूंढापांडे हादसे ने इन कमियों को उजागर कर दिया है।

 

पहले भी भेजा गया था नोटिस
परिवहन विभाग ने इससे पहले भी कंपनी प्रबंधन को ई-मेल के जरिए नोटिस भेजकर पूछा था कि उत्तराखंड में किस कानूनी अनुमति के आधार पर निजी वाहनों से किराया लेकर यात्रियों को जोड़ा जा रहा है। हालांकि, अब तक विभाग को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।

 

इसके बाद विभाग ने अब विधिक राय लेते हुए ऐसे प्लेटफॉर्म के खिलाफ कार्रवाई का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहां मिलावटखोरी पर प्रशासन की लगातार कार्यवाही जारी, अब यहां अवैध चाऊमीन और सॉस की फैक्ट्री पर कार्यवाही

 

रोजाना सैकड़ों गाड़ियां चल रहीं
सूत्रों के मुताबिक, BlaBla के जरिए रोजाना बड़ी संख्या में निजी कारें देहरादून, हल्द्वानी, हरिद्वार, दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा जैसे रूटों पर संचालित हो रही हैं।

 

इन वाहनों में यात्रियों का सत्यापन, चालक का व्यावसायिक रिकॉर्ड और बीमा की स्थिति स्पष्ट नहीं होती, जिससे दुर्घटना की स्थिति में कार्रवाई जटिल हो जाती है।

 

आरटीओ प्रशासन (देहरादून) संदीप सैनी के अनुसार, “अगर कोई निजी वाहन नियमित रूप से किराया लेकर यात्रियों को ढोता है, तो वह व्यावसायिक श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में बिना परमिट संचालन नियमों का सीधा उल्लंघन है।”

 

हादसे ने बढ़ाई सख्ती
मूंढापांडे हादसे में शामिल कार BlaBla प्लेटफॉर्म के जरिए बुक बताई जा रही है। चालक ने अलग-अलग स्थानों से हल्द्वानी में चार यात्रियों को दिल्ली के लिए बैठाया था। रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर होने पर हुए हादसे में चारों यात्रियों की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है।

यह भी पढ़ें 👉  मौसम विभाग ने इन जिलों में अगले 24 घंटे बारिश का ऑरेंज अलर्ट किया जारी...

 

 

कहां फंस रहा है पूरा मॉडल

  • निजी वाहन से किराया लेकर सवारी ले जाना व्यावसायिक उपयोग माना जाता है
  • इसके लिए परमिट, टैक्स और व्यावसायिक बीमा जरूरी
  • दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय करना मुश्किल
  • प्लेटफॉर्म का स्थानीय जवाबदेह तंत्र स्पष्ट नहीं

 

आगे क्या होगी कार्रवाई

  • BlaBla से जुड़े वाहनों की पहचान कर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा
  • संदिग्ध निजी वाहनों पर चालान किया जाएगा
  • कंपनी से अंतिम जवाब मांगा जाएगा
  • जरूरत पड़ने पर राज्य में प्रतिबंध का प्रस्ताव लाया जा सकता है

मूंढापांडे हादसे के बाद उत्तराखंड सरकार का यह रुख साफ संकेत दे रहा है कि अब बिना नियमों के संचालित हो रहे ऑनलाइन कार-शेयरिंग प्लेटफॉर्म पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।