रुद्रपुर ट्रेनिंग के दौरान बिंदुखत्ता निवासी पुलिस हेड कांस्टेबल का आकस्मिक निधन, परिवार में मचा कोहराम

लालकुआं न्यूज़– बिंदुखत्ता निवासी उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हेड कांस्टेबल बच्ची सिंह जग्गी (49 वर्ष) का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। वह वर्तमान में जनपद चंपावत में तैनात थे और रुद्रपुर में चल रही हेड कांस्टेबल ट्रेनिंग में शामिल होने आए हुए थे। ट्रेनिंग के दौरान ही रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया।
निधन की सूचना मिलते ही जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। बच्ची सिंह जग्गी उत्तराखंड पुलिस के एक कर्मठ और अनुशासित जवान के रूप में जाने जाते थे। उनके असमय निधन से पुलिस विभाग ने एक अनुभवी कर्मचारी खो दिया है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास बिंदुखत्ता लाया गया। इसके बाद चित्रशिला घाट में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय लोग एवं परिजन मौजूद रहे।
बच्ची सिंह जग्गी अपने पीछे पत्नी नीमा जग्गी, बेटे लोकेश, हर्षित और हार्दिक सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पिता स्वर्गीय हरक सिंह जग्गी लालकुआं क्षेत्र के वरिष्ठ ट्रांसपोर्ट व्यवसाई थे और रंगमंच के बेहतरीन कलाकार भी रहे। वे एक समय लालकुआं, बिंदुखत्ता सहित आसपास के क्षेत्रों में रामलीला मंचन के दौरान लंका के राजा रावण के शानदार अभिनय के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे।
हेड कांस्टेबल बच्ची सिंह जग्गी के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।








