लालकुआं में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, ससुराल पक्ष हिरासत में

लालकुआं न्यूज़– नगर क्षेत्र के समीप निर्मल कॉलोनी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्मल कॉलोनी निवासी नृपेंद्र विश्वास की 18 वर्षीय पत्नी रिया विश्वास का शव मंगलवार शाम घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। रिया का विवाह करीब ढाई माह पूर्व 24 अक्टूबर 2025 को कालीनगर, दिनेशपुर (जनपद ऊधम सिंह नगर) निवासी नृपेंद्र विश्वास से हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को अवगत कराया गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची लालकुआं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जानकारी मृतका के मायके पक्ष को दी। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने रिया की मौत को हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद पुलिस ने पति सहित ससुरालियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पड़ोसियों के अनुसार नृपेंद्र और रिया के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से प्रेम प्रसंग हुआ था, जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से लालकुआं क्षेत्र में ही उनका विवाह संपन्न हुआ था। नृपेंद्र वर्तमान में पास के क्षेत्र में मजदूरी करता है। पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे नृपेंद्र ने आसपास के लोगों को बताया कि उसकी पत्नी कमरे में पंखे के कुंडे से साड़ी का फंदा लगाकर लटकी हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल रिया ही मौजूद थी, जबकि उसकी सास लेबू विश्वास और ननद पूजा विश्वास दोपहर में ही एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए शक्तिफार्म गई हुई थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी स्थित मोर्चरी भेज दिया गया।
इस मामले में लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि मंगलवार शाम पुलिस को 2 किलोमीटर क्षेत्र स्थित निर्मल कॉलोनी में एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी गई। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि पति व अन्य परिजनों से पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








