उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहाँ गुलदार का आतंक: डेढ़ वर्षीय बच्ची को घर से उठाकर ले गया गुलदार, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल-  उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में गुलदार (तेंदुआ) के हमले ने एक बार फिर इंसान और वन्यजीव संघर्ष की भयावह तस्वीर सामने रख दी है। कोटद्वार क्षेत्र के विकासखंड जयहरीखाल अंतर्गत ग्राम पंचायत बरस्वार में गुलदार ने डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची को घर के आंगन से उठा लिया। कड़ी तलाश के बाद बच्ची का शव जंगल में बुरी हालत में बरामद किया गया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

 

घर के आंगन से उठा ले गया गुलदार
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बरस्वार निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र लाल की पोती याशिका (पुत्री जितेंद्र) शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अपने माता-पिता जितेंद्र और प्रियंका के साथ घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान जंगल की ओर से आए गुलदार ने अचानक झपट्टा मारा और माता-पिता की आंखों के सामने बच्ची को उठाकर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद माता-पिता और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: गैस गोदामों में भीड़ न लगाएं, घर-घर होगी सिलेंडर की डिलीवरी – डीएम ललित मोहन रयाल

 

सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने जंगल में बच्ची की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद रात करीब 9 बजे बच्ची का शव घर से लगभग 20 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र लैंसडौन वन विभाग के अंतर्गत आने वाले पालकोट जंगल क्षेत्र में आता है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- समग्र शिक्षा अभियान को 883 करोड़ का बजट मंजूर

 

गांव में शोक, लोगों में दहशत
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों में गुलदार के आतंक को लेकर भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बस्तियों के आसपास नियमित गश्त, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पिंजरे लगाने और चेतावनी तंत्र मजबूत करने की मांग की है।

 

10 दिन पहले युवक को भी बनाया था शिकार
गौरतलब है कि पौड़ी गढ़वाल में गुलदार के हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 14 जनवरी को गुलदार ने एक युवक पर हमला कर उसे घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया था। घटना इडवाल्स्यूं पट्टी क्षेत्र के बाड़ा गांव की थी। मकर संक्रांति के दिन सुबह करीब 6 बजे युवक नहाने के लिए पानी के धारे में गया था, तभी गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बाद में युवक का शव आधा खाया हुआ मिला था। गुलदार ने युवक का सिर और सीना खा लिया था, जबकि रास्ते में उसके शरीर के टुकड़े भी मिले थे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ रोडवेज के कर्मचारी ने चंदा देने से मना किया, तो सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ने कर्मचारी को पीटा, मामले की जांच में जुटी पुलिस

 

बढ़ता मानव-वन्यजीव संघर्ष
लगातार हो रही गुलदार की घटनाओं से क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष गंभीर रूप लेता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे और बढ़ सकते हैं।