उत्तराखण्डगढ़वाल,

देहरादून से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के टायर में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

देहरादून न्यूज- आईएसबीटी देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना हुई उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती बस के टायर से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। चालक की सतर्कता और सूझबूझ से बस को समय रहते सड़क किनारे रोक लिया गया तथा सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

 

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड परिवहन निगम की बस संख्या यूके 07 पीए 5202 सोमवार सुबह करीब छह बजे आईएसबीटी देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों के मुताबिक बस शुरुआत से ही सामान्य गति से नहीं चल रही थी। करीब एक घंटे बाद, सुबह लगभग सात बजे बस देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर शाकुंभरी चौक से थोड़ा आगे पहुंची तो अचानक बस के एक टायर से धुआं उठने लगा।

यह भी पढ़ें 👉  सितारगंज-टनकपुर हाईवे पर भीषण हादसा: टैक्सी कार-बाइक की टक्कर के बाद लगी आग, दो युवकों की मौत

 

 

टायर से धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी

चलती बस से धुआं उठता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद परिचालक की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से नीचे उतार दिया गया।

 

 

जांच करने पर पता चला कि बस के एक टायर में आग लग गई थी। समय रहते सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

 

 

एक घंटे की यात्रा में ही बस की फिटनेस पर उठे सवाल

घटना के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों की फिटनेस और तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों का कहना है कि बस आईएसबीटी देहरादून से रवाना होने के बाद से ही सामान्य गति से नहीं चल रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ शिक्षक दिवस पर नर्सिंग कॉलेज की प्रवक्ता ने की खुदकुशी

 

 

ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि दिल्ली जैसे लंबे रूट पर बस को रवाना करने से पहले उसकी तकनीकी जांच कितनी गंभीरता से की गई थी। यात्रियों ने बसों की नियमित फिटनेस जांच और तकनीकी खामियों को समय रहते दूर करने की मांग की है।

 

 

एक्सप्रेसवे पर हो सकता था बड़ा हादसा

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच यदि चालक को समय रहते टायर से उठता धुआं दिखाई नहीं देता और बस को तुरंत नहीं रोका जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। टायर में आग फैलने से बस में भी आग लगने का खतरा पैदा हो सकता था।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- पहाड़ पर चढ़ा बाहुबल: नैनीताल से अल्मोड़ा तक पंचायत चुनाव में गोलियां, अपहरण और अराजकता, वीडियो शामिल

 

 

चालक की तत्परता से बस को समय पर रोककर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

 

 

दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया दिल्ली

घटना के बाद यात्रियों को कुछ समय तक सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा। बाद में परिवहन निगम की ओर से दूसरी बस की व्यवस्था की गई। सभी यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

 

 

घटना के बाद यात्रियों ने रोडवेज प्रबंधन से बसों की फिटनेस जांच को और अधिक गंभीरता से करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा को खतरा न हो।