उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

तेज रफ्तार पर लगेगा ब्रेक: उत्तराखंड में सख्त SOP, स्पीड लिमिट से लेकर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की तैयारी

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग अब सख्त कदम उठाने जा रहा है। तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए मानक प्रचालन कार्यविधि (SOP) तैयार की जाएगी, जिसमें गति सीमा तय करने से लेकर कड़ी कार्रवाई तक के प्रावधान शामिल होंगे।

 

नई कार्ययोजना के तहत शहरों की सड़कों पर स्पीड लिमिट निर्धारित की जाएगी और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए रंबल स्ट्रिप्स लगाए जाएंगे। इसके अलावा तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहनों को सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की व्यवस्था भी लागू की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी -(अच्छी खबर) एसटीएच के न्यूरो सर्जन डॉ अभिषेक राज ने किया ट्राइजेमिनल न्यूरेल्जिया जैसी बड़ी जटिल बीमारी का सफल ऑपरेशन

 

प्रदेश में सड़क हादसों के बढ़ते आंकड़े चिंता का विषय बने हुए हैं। पिछले वर्ष राज्य में 1800 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से करीब एक-तिहाई हादसे तेज रफ्तार के कारण हुए। इसी को देखते हुए विभाग अब नई रणनीति के तहत नियंत्रण के उपायों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

 

शहरों में लगेंगे एएनपीआर कैमरे
परिवहन विभाग शहरी क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाने जा रहा है। योजना के तहत 23 एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे उन स्थानों पर स्थापित होंगे, जहां बीते वर्षों में अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ नव वर्ष मनाने आए पर्यटक की हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

 

देहरादून के इन रूट्स पर सख्ती
राजधानी देहरादून में राजपुर रोड से दिलाराम चौक और आशारोड़ी से आईएसबीटी तक वाहनों की गति नियंत्रित की जाएगी। इन मार्गों पर कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी और ओवरस्पीडिंग व ओवरटेकिंग करने वालों के चालान सुनिश्चित किए जाएंगे।

 

रात में बढ़ेगी चेकिंग
विश्लेषण में सामने आया है कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं रात के समय होती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रात में भी प्रवर्तन और चेकिंग अभियान तेज किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- सफाई व्यवस्था पर कुमाऊं कमिश्नर सख्त

 

वाहनों को सीज करने के लिए बनेगा अलग स्थान
सख्त कार्रवाई के तहत वाहनों को सीज करने की योजना है, लेकिन वर्तमान में इनके लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। इसी कारण विभाग अब अलग से स्थान चिन्हित कर रहा है, ताकि सीज किए गए वाहनों को व्यवस्थित तरीके से रखा जा सके और कार्रवाई में तेजी लाई जा सके।

 

उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी के अनुसार, “तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है। इसे नियंत्रित करने के लिए जल्द ही SOP लागू की जाएगी।”