उत्तराखण्डकुमाऊं,

क्रिसमस व नववर्ष पर नैनीताल में ट्रैफिक रहेगा सुगम, SSP मंजुनाथ टीसी ने तैयार किया विशेष यातायात प्लान, रूट स्टीकर व शटल सेवा होगी लागू

नैनीताल न्यूज़– क्रिसमस, थर्टी फर्स्ट एवं नव वर्ष के अवसर पर नैनीताल जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। पर्यटकों और आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने व्यापक यातायात कार्ययोजना तैयार की है।

 

 

इसी क्रम में बुधवार को एसएसपी नैनीताल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें एसपी यातायात/क्राइम, एसपी हल्द्वानी, एसपी संचार सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी एवं यातायात प्रभारी शामिल हुए। बैठक में क्रिसमस और नववर्ष के दौरान यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं पंचायत चुनाव: हरिपुर तुलारामपुर-अर्जुनपुर से गोपाल सिंह अधिकारी बने ग्राम प्रधान, 190 वोटों से दर्ज की जीत

 

 

एसएसपी ने बताया कि जनपद के बॉर्डर पर ही वाहनों का रूट निर्धारण किया जाएगा और गंतव्य के अनुसार अलग-अलग रंगों के रूट स्टीकर लगाए जाएंगे। इससे वाहन चालक अपने निर्धारित रूट पर ही संचालित होंगे और अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बनेगी। 22 दिसंबर की रात्रि से यातायात पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कर हल्द्वानी, लालकुआं, भवाली और रामनगर से डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।

 

 

उन्होंने निर्देश दिए कि हर मुख्य प्वाइंट और बैरियर पर उप निरीक्षक रैंक के अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि जिम्मेदारी तय हो सके। चुनौतीपूर्ण प्वाइंट्स पर थाना एवं चौकी प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहेंगे। दो पालियों में ड्यूटी व्यवस्था लागू की जाएगी और मोबाइल पार्टियों की तैनाती कर लगातार रूट पेट्रोलिंग कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं हाईवे पर बड़ा हादसा: स्कूटी सवार को कार ने मारी जोरदार टक्कर, हालत गंभीर

 

 

नैनीताल में पार्किंग फुल होने से पहले ही शटल सेवा शुरू की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त शटल वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। वहीं कैंची धाम क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए भवाली सेनिटोरियम से शटल सेवा संचालित की जाएगी। गडप्पू बैरियर सहित अन्य प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

 

 

इसके साथ ही जनपद के बॉर्डर और प्रमुख बैरियरों पर बड़े डायवर्जन फ्लैक्सी बोर्ड लगाए जाएंगे। डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा एवं बैरियर सूची समय रहते तैयार कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ ट्रक चालक ने दोस्त को कुचलकर उतारा मौत के घाट, भांजियों पर अश्लील टिप्पणी से था नाराज़

 

 

एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित, सरल और निर्बाध यातायात सुविधा प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी असुविधा के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

 

 

गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित कुमार पांडे, क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार सहित जनपद के सभी थाना व शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

 

मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस