अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार मकान की छत पर गिरी, टैक्सी चालक की मौके पर मौत
रानीखेत के देहोली गांव में तड़के हुआ हादसा, तेज धमाके से सहमे ग्रामीण; बारिश के बीच लोगों को लगा पहाड़ टूट गया

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रानीखेत तहसील क्षेत्र के चौबटिया के पास देहोली गांव में एक बेकाबू कार सड़क से करीब 20 मीटर नीचे एक मकान की छत पर जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वैगनआर कार संख्या UK 02 TA 3159 तड़के करीब 3:15 बजे अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी और सीधे लाल सिंह नामक व्यक्ति के मकान की पत्थर की छत पर पलट गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर मकान में सो रहे परिवार के लोग घबरा गए। देर रात खराब मौसम और बारिश के चलते उन्हें पहले लगा कि कोई प्राकृतिक आपदा या पहाड़ टूटने जैसी घटना हुई है। जब परिवार के सदस्य बाहर निकले तो अपनी छत पर पलटी कार देखकर उनके होश उड़ गए।
हादसे में मृतक की पहचान 32 वर्षीय भुवन प्रसाद पुत्र गोपाल राम निवासी ग्राम मटेला, काफलीगैर जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भुवन टैक्सी चालक था और मंगलवार शाम ताड़ीखेत ब्लॉक के शिवाली गांव में आई एक बरात में बरातियों को लेकर पहुंचा था। तड़के वह चौबटिया रोड की ओर लौट रहा था, तभी देहोली क्षेत्र के एक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान भुवन कार से छिटककर मकान की पत्थर की छत पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चौबटिया चौकी प्रभारी राजकुमार और एसआई फिरोज खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय भेज दिया गया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।








