रानीबाग में दर्दनाक हादसा: रोड पार कर रही 5 साल की बच्ची को बस ने कुचला, मौके पर मौत; आक्रोश में लोगों ने किया पथराव

हल्द्वानी न्यूज़- हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार को एक बेहद दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सड़क पार कर रही लगभग 5 वर्षीय मासूम बच्ची की उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक बच्ची की पहचान कनक के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रुद्रपुर डिपो की बस (UK 06 PA 1726) ने बच्ची को सामने से टक्कर मारी और करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्ची के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो किसी तरह बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए और कुछ देर के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
हादसे के चलते हल्द्वानी मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। तिकोनिया से भीमताल तिराहा और ज्योलीकोट तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में करने के साथ ही यातायात सुचारू कराने में जुट गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।








