हल्द्वानी में चलती स्कूटी पर युवती से छेड़छाड़, वीडियो वायरल होने पर दो आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी के पॉश इलाके में चलती स्कूटी पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात युवती अपने भाई के साथ राजपुरा स्थित एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी से स्कूटी पर घर लौट रही थी। इसी दौरान हल्द्वानी कोतवाली से करीब 100 मीटर दूरी पर मिनी स्टेडियम क्षेत्र के पास बिना नंबर की बुलेट पर सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी युवक लगातार अश्लील टिप्पणियां करते हुए युवती का पीछा कर रहे हैं। दहशत में आई युवती मदद के लिए चिल्लाती सुनाई देती है। वह बार-बार अपने भाई से बचाने की गुहार लगाती है और घबराई हुई नजर आती है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपियों ने जेल रोड पर स्कूटी के आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया और युवती से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। किसी तरह दोनों वहां से भागकर एफटीआई मोड़ के पास एक दुकान के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपियों ने युवती के साथ अभद्रता के साथ धक्का-मुक्की भी की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय फर्त्याल (31) निवासी फतेहपुर, थाना मुखानी और अजय सिंह थापा (30) निवासी बड़ी मुखानी, पीली कोठी के रूप में हुई है। पुलिस ने पहले दोनों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया, जिसके बाद पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 324(2) और 74 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।








