यमुना में गिरे दो ट्रक, तीन लोग बचाए गए, एक हेल्पर लापता

विकासनगर (देहरादून)- दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बड़े हादसे हो गए, जब दो ट्रक अनियंत्रित होकर यमुना नदी में जा गिरे। इन हादसों में तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक ट्रक का हेल्पर नदी में लापता हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।
पहली घटना मसूरी कट के पास यमुना पुल के समीप हुई, जहां एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सीधे यमुना नदी में समा गया। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।
ट्रक चालक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन हेल्पर संदीप नदी में डूबकर लापता हो गया। SDRF टीम ने ट्रक के अंदर जांच के बाद नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
दूसरी घटना विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के जुड्डो के पास हुई, जहां एक अन्य ट्रक अनियंत्रित होकर यमुना में गिर गया। इस हादसे में चालक सलीम पुत्र निसार निवासी नवाबगढ़ और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को हल्की चोटें आईं। दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विकासनगर में भर्ती कराया गया।
SDRF टीम ने यमुना पुल से लेकर डैम तक संभावित स्थानों पर गहन सर्च अभियान चलाया। नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में भी व्यापक तलाशी ली गई, लेकिन लापता हेल्पर का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
SDRF के अनुसार, सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।








