उत्तराखंड में 1.50 लाख गैस उपभोक्ताओं ने नहीं कराई ई-केवाईसी, 23 अगस्त तक का समय

देहरादून न्यूज़- घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 23 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके बावजूद जिले में अभी भी करीब 1.50 लाख उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है। विभाग ने संबंधित गैस एजेंसियों को सभी लंबित कनेक्शनों की ई-केवाईसी समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएसओ केके अग्रवाल के अनुसार, देहरादून जिले में 70 गैस एजेंसियों से कुल 7 लाख 16 हजार 845 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इनमें से अब तक 5 लाख 66 हजार 845 कनेक्शनों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 1 लाख 50 हजार उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी लंबित है।
विभाग की ओर से संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लंबित उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें ई-केवाईसी कराने के लिए प्रेरित करें और 23 अगस्त तक 100 प्रतिशत ई-केवाईसी का लक्ष्य पूरा करें।
अधिकारियों का कहना है कि समय पर ई-केवाईसी पूरी नहीं कराने पर भविष्य में गैस आपूर्ति समेत अन्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में उपभोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की गई है।








